
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा का इंतज़ार कर रहे भाजपा नेताओं को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। अब भाजपा दशहरे के बाद प्रदेश कार्यकारिणी पर फैसला लेगी। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा नामक एक कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम की घोषणा हो सकती है। राज्य में अब तक 18 जिलों की कार्यकारिणी घोषित हो चुकी है। कई अन्य जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा अभी बाकी है। ज्यादातर जिलों में समितियों के गठन के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
खंडेलवाल ने 2 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला था। भाजपा नेता लंबे समय से नई टीम का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन पार्टी ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया है।
सूत्रों के अनुसार, खंडेलवाल ने निगम-मंडलों में नियुक्तियों और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से प्रारंभिक बातचीत की।
इस मुद्दे पर निर्णय में कुछ समय लग सकता है। इससे पहले भी नए अध्यक्ष पुरानी टीमों के साथ ही काम करते रहे हैं। नंद कुमार सिंह चौहान, राकेश सिंह और वीडी शर्मा ने लंबे समय तक पुरानी टीमों के साथ काम किया है। ऐसे में खंडेलवाल प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करने में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं।