28.8 c Bhopal

दिसंबर में घरेलू वेज थाली महंगी, बिगड़ा बजट

नई दिल्ली. भारत में एक घरेलू वेजिटेरियन थाली की कीमत दिसंबर में (सालाना आधार पर) 6 फीसदी बढ़कर 31.60 रुपए हो गई। पिछले साल दिसंबर 2023 में वेज थाली की कीमत 29.70 रुपए थी। कैपिटल मार्केट कंपनी क्रिसिल ने जारी किए अपने फूड प्लेट कॉस्ट के मंथली इंडिकेटर में इस बात की जानकारी दी। क्रिसिल ने अपनी 'RRR: राइस रोटी रेट' रिपोर्ट में बताया कि वेजिटेरियन थाली की कीमत नवंबर की तुलना में दिसंबर में 3% घटी है। नवंबर में वेज थाली की कीमत 32.70 रुपए थी।

नॉन-वेज थाली 12% महंगी

नॉन-वेज थाली की कीमत दिसंबर में सालाना आधार पर 12% बढ़कर 63.30 रुपए हो गई। पिछले साल दिसंबर 2023 में नॉन वेज थाली की कीमत 56.40 रुपए थी। मंथली बेसिस पर यानी नवंबर की तुलना में दिसंबर में नॉन-वेज थाली की कीमत 3% बढ़ी है। नवंबर में नॉन-वेज थाली की कीमत 61.50 रुपए ही थी।

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, आलू और टमाटर के दाम बढ़ने के चलते वेज थाली की कॉस्ट में बढ़ोतरी हुई है। वेज थाली कॉस्ट में आलू और टमाटर की 24% हिस्सेदारी होती है। सालाना आधार पर आलू के दाम 50% और टमाटर की कीमतों में 24% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं सालाना आधार पर वेजिटेबल ऑयल भी 16% बढ़ा है। LPG सिलेंडर 11% सस्ता हुआ है।

वहीं नॉन वेज थाली की कीमत में ये तेजी ब्रॉयलर्स यानी चिकन के प्राइस में सालाना आधार पर 20% की बढ़ोतरी के चलते आई है। नॉन-वेज थाली की लागत में ब्रॉयलर की 50% हिस्सेदारी होती है।

क्रिसिल ने नॉर्थ, साउथ, ईस्ट और वेस्ट इंडिया में मौजूदा फूड कीमतों के आधार पर घर में थाली तैयार करने की एवरेज कॉस्ट कैलकुलेट की है। मंथली चेंज से आम आदमी के खर्च पर असर पड़ता है।

क्रिसिल के डेटा से अनाज, दालें, ब्रॉयलर्स (चिकन), सब्जियां, मसाले, एडिबल ऑयल और कुकिंग गैस सहित उन सामग्रियों का भी पता चलता है, जो थाली की कीमत में बदलाव लाते हैं।
वेज थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद शामिल होता है। वहीं नॉन-वेज थाली के लिए दाल की जगह चिकन को शामिल किया गया है।

Comments

Add Comment

Most Popular