28.8 c Bhopal

100 सबसे धनी सेल्फ-मेड महिलाओं में 4 भारतीय

न्यूयॉर्क. अमेरिका की 100 सबसे अमीर सेल्फ मेड महिलाओं की लिस्ट में चार भारतवंशियों महिलाओं ने भी जगह बनाई है। भारतीय मूल की इन चारों महिलाओं की संपत्ति सामूहिक रूप से 36 हजार करोड़ रुपए है। बीते साल इनकी संपत्ति करीब 34 हजार करोड़ रुपए थी। इसमें करीब 6% बढ़ोतरी हुई है।

फोर्ब्स की इस लिस्ट में एरिस्टा नेटवर्क्स की CEO जयश्री उल्लाल, सिंटेल की CEO नीरजा सेठी, कॉन्फ्लूएंट की CEO नेहा नरखेड़े व पेप्सिको की पूर्व CEO इंद्रा नूयी हैं। वहीं इस लिस्ट में टॉप पर अमेरिकी की डायने हेंड्रिक्स हैं। इनकी नेटवर्थ 12.3 लाख करोड़ रुपए (15 बिलियन डॉलर) है।

जयश्री उल्लाल: जीरो रेवेन्यू वाली कंपनी को 4 लाख करोड़ का बनाया
वर्ष 2008 में उल्लाल एरिस्टा नेटवर्क्स में आयीं। उस समय कंपनी की आय नहीं थी। हालांकि कंपनी में करीब 50 कर्मचारी थे। इसके बाद वर्ष 2014 में वह कंपनी का आईपीओ लेकर आईं। आज कंपनी चार लाख करोड़ से अधिक की है। उल्लाल का जन्म लंदन में, पालन-पोषण दिल्ली में हुआ। उन्होंने इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई अमेरिकी यूनिवर्सिटी से ही की।

नीरजा सेठी : डीयू की छात्रा ने फ्लैट में शुरू की कंपनी
सिंटेल की शुरुआत नीरजा ने पति भरत देसाई के साथ की थी। सिर्फ 2000 डॉलर में एक फ्लैट से शुरू हुई यह IT स्टाफिंग कंपनी जल्द ही IT एप्लिकेशन सर्विस फर्म बन गई। 2018 में फ्रांस की IT फर्म एटोस एसई ने इसे 28,000 करोड़ रु. में खरीदा था, इससे उन्हें 4212 करोड़ रु. मिले थे। नीरजा DU की छात्रा रह चुकी हैं।

नेहा नरखेड़े : लिंक्डइन-ओरेकल में काम किया, अब खुद की कंपनी
सॉफ्टवेयर इंजीनियर से उद्यमी बनीं 38 साल की नेहा की शुरुआती पढ़ाई पुणे में हुई थी। ओरेकल और लिंक्डइन से अनुभव लेकर सॉफ्टवेयर कंपनी कॉन्फ्लूएंट शुरू की। हाल ही में उन्होंने दो करोड़ डॉलर की फंडिंग के साथ फ्रॉड डिटेक्शन कंपनी ऑस्सिलर की नींव रखी है। नेहा टेक्निकल विषयों पर किताबें भी लिखती हैं।

इंद्रा नूयी : मास्टर्स की फीस जुटाने के लिए रिसेप्शनिस्ट रहीं
वह पेप्सिको के साथ करीब 24 साल तक रहीं। इस पद पर वह पहली गैर श्वेत एवं अप्रवासी महिला हैं। आईआईएम कोलकाता से डिप्लोमा कोर्स करने के बाद उन्होंने नौकरी की। मास्टर्स करने येल यूनिवर्सिटी पहुंचीं। फीस जुटाने के लिए रिसेप्शनिस्ट का काम करती थीं। उन्होंने ऑटोबायोग्राफी ‘माई लाइफ इन फुल’ भी लिखी है।

Comments

Add Comment

Most Popular