28.8 c Bhopal

अल्ट्राटेक ने स्टार सीमेंट में और ली 8.7% हिस्सेदारी 

नई दिल्ली. आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने स्टार सीमेंट में 8.7% अतिरिक्त हिस्सेदारी ली है। करीब 851 करोड़ रुपए के इस सौदे के साथ सीमेंट इंडस्ट्री में अल्ट्राटेक की हिस्सेदारी 21.84% हो गई। इसी के साथ यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। 14.12% हिस्सेदारी के साथ अडाणी ग्रुप दूसरे पायदान पर है। यानी इस इंडस्ट्री में 36% मार्केट शेयर सिर्फ दो कॉर्पोरेट ग्रुप का हो गया है। 2024 में इस सेक्टर में मर्जर-अधिग्रहण की 11 डील हो चुकी हैं, जो 2014 के बाद सर्वाधिक है। इसकी वजह दोनों ग्रुप के बीच नंबर एक की लड़ाई बताई जा रही है।

अल्ट्राटेक दुनिया की तीसरी बड़ी सीमेंट कंपनी

अल्ट्राटेक 2013 से अब तक 6 सीमेंट कंपनियों का अधिग्रहण कर चुकी है। हाल ही में इसने देश की टॉप-10 सीमेंट कंपनियों में शुमार इंडिया सीमेंट्स का अधिग्रहण किया।
अडाणी सीमेंट्स देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। 

अडाणी ग्रुप के पास अंबुजा सीमेंट्स, एसीसी और सांघी सीमेंट जैसी सीमेंट कंपनियां हैं। 2022 से अब तक यह ग्रुप 4 सीमेंट कंपनियों का अधिग्रहण कर चुका है। अडाणी सीमेंट्स का टारगेट 2028 तक सीमेंट उत्पादन क्षमता सालाना 14 करोड़ टन तक पहुंचाना है। अभी इसकी उत्पादन क्षमता 9.74 करोड़ टन, अल्ट्राटेक की 15 करोड़ टन है।

दोनों दिग्गज ने इस साल 40 हजार करोड़ रुपए खर्च करके सालाना 5 करोड़ टन से ​ज्यादा उत्पादन क्षमता वाली कंपनियों का अधिग्रहण किया। ग्लोबल प्रोडक्शन में 8% से ज्यादा हिस्सेदारी के साथ भारत अब चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा सीमेंट उत्पादक है।

Comments

Add Comment

Most Popular