28.8 c Bhopal

MP: 2025 में 15000 पदों पर भर्ती, प्रक्रिया शुरू

भोपाल. मध्यप्रदेश में वर्ष 2025 नई खुशियां लेकर आया है। मप्र में सरकारी नौकरियों में बंपर भर्ती होगी। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) 15 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती करेगा। मंडल ने 15 परीक्षाओं का कैलेंडर भी जारी किया है।

दरअसल, कर्मचारी चयन मंडल यानी ईएसबी ने जिन पदों के लिए कैलेंडर जारी किया है, उनमें स्कूल शिक्षक, आईटीआई, वन, पुलिस, जेल, महिला-बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग शामिल हैं। फरवरी से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो दिसंबर तक चलेगी। कुछ विभागों में भरे जाने वाले पदों की संख्या अभी तय नहीं हुई है।

माध्यमिक शिक्षकों के 10 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें खेल, गायन-वादन और नृत्य समेत विषय विशेषज्ञों की चयन परीक्षा भी होगी। प्राथमिक शिक्षकों के लिए भी चयन परीक्षा होगी, पर संख्या तय नहीं है। नर्स के 2267 पद हैं।

एक लाख पदों पर सीधी  

प्रदेश में एक लाख पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी शुरुआत ऊर्जा विभाग ने की है। विभाग ने एमपी ऑनलाइन के जरिए तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 2573 खाली पदों के लिए दिसंबर में विज्ञापन भी जारी कर दिया था। यह भर्ती पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जरिए की जा रही है। इसमें कैंडिडेट्स 23 जनवरी 2025 तक अप्लाई कर सकते हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसी महीने कहा था कि एक लाख पदों पर भर्ती के लिए एमपीपीएससी और कर्मचारी चयन मंडल को रिक्वॉयरमेंट भेज दी गई है। सीएम के फैसले के तहत विभागों ने भर्ती संबंधी प्रस्ताव भेजने का काम तेज कर दिया है। जल्द ही विज्ञापन निकाले जाने की तैयारी है। शिक्षा विभाग में भी 35, 357 पद भरे जाएंगे। इसके बाद ईएसबी ने भी कैलेंडर जारी करते हुए विभागवार खाली पदों की संख्या साफ कर दी।

35 विभागों में 54410 से ज्यादा पद खाली 

सरकार को अब तक 35 विभागों में 54 हजार 410 पद खाली होने की जानकारी मिली है। ये विभाग ऐसे हैं, जहां आउटसोर्स या संविदा पद से भर्ती करने की बजाय सीधी भर्ती के पद खाली पाए गए हैं। इसके अलावा दूसरे विभागों के प्रस्ताव आने के साथ भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजने का काम शुरू कर दिया गया है।

3675 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया

प्रदेश सरकार की ओर से जुटाई गई विभागवार जानकारी में यह बात सामने आई है कि वर्तमान में 3675 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चालू है। इसके लिए कर्मचारी चयन मंडल और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) को जानकारी भेजी गई है। अलग-अलग विभागों ने 18 हजार 388 पदों पर भर्ती के प्रस्ताव भी भेजे हैं, जिनमें बैकलॉग और सीधी भर्ती के पद शामिल हैं।

आला अधिकारियों के मुताबिक, सरकार ने इन पदों पर भर्ती के लिए संबंधित विभागों को यह निर्देश दिए हैं कि वे सामान्य प्रशासन विभाग के पोर्टल पर डेटा अपलोड करने के साथ एमपीपीएससी और कर्मचारी चयन मंडल को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विभागीय तौर पर निर्देश जारी करें। इसके बाद कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Comments

Add Comment

Most Popular