28.8 c Bhopal

एमपी बोर्ड की बेस्ट फाइव स्कीम बंद

भोपाल. मध्यप्रदेश में पिछले ​तीन ​शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षा में लागू बेस्ट आफ फाइव स्कीम बंद होगी। अब स्टूडेंट्स को सभी 6 विषयों में पास होना जरूरी होगा। इसको लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। 

दरअसल, बेस्ट आफ फाइव योजना को आगामी सत्र 2024-25 में खत्म कर दिया जाएगा। इसके तहत 6 विषयों में से 1 विषय में फेल होने वाले स्टूडेंट को पास कर दिया जाता है। स्कूल शिक्षा विभाग के उपसचिव प्रमोद सिंह के मुताबिक, बहुत से विद्यार्थियों ने बेस्ट ऑफ फाइव के कारण गणित पर ध्यान देना छोड़ दिया था। कई अन्य चीजों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, पिछले 3 सालों में 9वीं, 10वीं के करीब 2.74 लाख छात्रों को इस योजना का लाभ मिला है।

इसलिए लिया निर्णय

मा​ध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, स्टूडेंट्स को इस स्कीम के तरत कई तरह की दिक्कतें आ रहीं थीं। डिफेंस और कॉम्पिटिटिव एग्जाम में परेशानियां फेस कर रहे थे। अगर बच्चे को पहले से पता होता है कि वह पांच सब्जेक्ट को अच्छे से कर रहा है और एक सब्जेक्ट जैसे गणित या अंग्रेजी में दिक्कत है तो वह उसे पूरी तरह छोड़ देता था। इसके चलते उसे आगे कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उसके कई कॉन्सेप्ट भी क्लियर नहीं हो रहे थे। इससे उसका एकेडमिक रिकार्ड भी बिगड़ रहा था। आमतौर पर कॉमन इंट्रेंस एग्जाम में बच्चों से गणित, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के सवाल ही पूछे जाते हैं।

2017-18 में लागू हुई थी योजना

बेस्ट आफ फाइव योजना को 10वीं के रिजल्ट में सुधार करने की दृष्टि से 2017-18 में लागू किया गया था। योजना के तहत अगर विद्यार्थी 6 विषयों में से 5 विषय में पास हो जाता है और एक विषय में फेल होता है, तो भी उसे पास घोषित किया जाता था। इसमें सर्वाधिक अंकों वाले पांच विषयों के नंबर जोड़कर परिणाम घोषित किया जाता था, जबकि सबसे कम अंक आने वाले छठवें विषय को रिजल्ट में शामिल नहीं किया जाता था। हालांकि, इस संबंधं में लोक शिक्षण संचालनालय ने बोर्ड को 2020 में पत्र लिखकर योजना को समाप्त करने के बारे में कहा था, तब से इस योजना को समाप्त करने की प्रक्रिया चल रही थी।

इतने बच्चों को मिला लाभ

  • साल    छात्रों की संख्या
  • 2023    1,13,551
  • 2022    76,354
  • 2021    84,956

Comments

Add Comment

Most Popular