28.8 c Bhopal

मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर, 2024 में 207 मारे 

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से सभी के शव और 3 ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। भेज्जी के दंतेसपुरम, कोराजुगुड़ा, नागाराम के जंगल में DRF और CRPF की कोंटा और किस्टाराम एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इलाके में सर्चिंग जारी है। इस साल 1 जनवरी से 22 नवंबर तक 207 नक्सली मारे गए हैं। ​

बस्तर आईजी सुंददराज पी ने कहा, नक्सलियों से मुठभेड़ में AK-47, इंसास, और SLR समेत अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। सुकमा के SP किरण चव्हाण ने इसे बड़ी सफलता बताया। जवान मौके पर ही हैं। लौटेंगे तो ज्यादा जानकारी मिलेगी।

ओडिशा के रास्ते घुसे 

सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि भेज्जी के जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा है। इसके बाद जवानों को रवाना किया गया, जहां नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। एक दिन पहले ही भारी संख्या में नक्सली ओडिशा के रास्ते छग  बॉर्डर में घुसे थे। इस दौरान ओडिशा पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। इसमें एक नक्सली मारा गया था, वहीं एक जवान घायल हुआ था। इसके बाद छत्तीसगढ़ फोर्स अलर्ट पर थी।

गरियाबंद में गुरुवार को हुई थी मुठभेड़

ओडिशा और गरियाबंद से सटे उदंती अभ्यारण्य जंगल में गुरुवार को भी पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई थी। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर गरियाबंद पुलिस ने संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन लॉन्च किया। इस ऑपरेशन में गरियाबंद DRG, कोबरा 207 बटालियन, ओडिशा SOG, सीआरपीएफ 211 और 65 बटालियन के लगभग 200 जवान शामिल थे।

अमाड़ के जंगलों में पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मुहतोड़ जवाब दिया। दबाव बनते देख नक्सली भाग खड़े हुए। नक्सलियों के ठिकाने से पुलिस ने एक सिंगल शॉट राइफल,नक्सली साहित्य,भारी मात्रा में गरम कपड़े और दैनिक उपयोग के सामान जब्त किया है।

सरकार का जीरो टॉलरेंस: सीएम साय

मुठभेड़ पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुकमा में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। सरकार नक्सलवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। बस्तर में विकास, शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Comments

Add Comment

Most Popular