28.8 c Bhopal

210 सीटों में बीजेपी निकालेगी जन आशीर्वाद यात्रा, मोदी—शाह भरेंगे जोश

भोपाल. मध्यप्रदेशमें विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। 3 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चित्रकूट से यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी पहली बार एक साथ 5 यात्राएं निकालने जा रही है। यह यात्रा प्रदेश की 210 सीटों को कवर करेगी। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा। पार्टी का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आएंगे।

केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्रसिंह तोमर एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को यात्रा की रूपरेखा मीडिया के सामने रखी। इस दौरान यात्रा के प्रदेश संयोजक एवं मंत्री भूपेंद्र सिंह मंचासीन रहे। 

फिर बहुमत से सरकार बनाएंगे : तोमर

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा, इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री पद पर चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में तोमर बोले, अभी तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही हैं। मुस्लिम वर्ग को टिकट दिए जाने के सवाल पर तोमर ने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के आधार पर काम करती है। केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना का लाभ सभी वर्गों के लोगों को मिलता है। किसी क्षेत्र से किसको टिकट देना या नहीं देना है, वहां की स्थिति पर निर्भर करता है। पिछली बार हमने भोपाल उत्तर से आरिफ बेग को टिकट दिया था।   

गरीब कल्याण से प्रदेश के विकास तक की यात्रा: शर्मा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयासों से गरीबों के कल्याण का कार्य कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण से जन कल्याण और प्रदेश की प्रगति तक की अविरल यात्रा तय की है। इस विकास यात्रा का सार और परिणाम जनता के समक्ष रखने तथा गरीब कल्याण योजनाओं के प्रति जनता के विचार जानने के लिए बीजेपी मप्र जन आशीर्वाद यात्रा ला रही है। ये यात्राएं फिर इस बार- भाजपा की सरकार के ध्येय वाक्य के साथ निकलेंगी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो काम किये हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाकर जनता का आशीर्वाद मांगेगी। शर्मा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हमारा नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से हर विधानसभा तक पहुंचे। कोई विधानसभा न छूटे, इसके लिए इस बार पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रदेश के गरीब जो दशकों बाद भी विकास से वंचित थे, उसका भाजपा सरकार ने विकास किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो काम हो रहे हैं, उससे प्रदेश में राह-राह विकास है और डगर-डगर गरीब खुशहाल है।

210 विधानसभाओं से गुजरेंगी 10643 किमी लंबी यात्राएं

शर्मा ने बताया कि पांचों यात्राओं को मिलाकर सभी जन आशीर्वाद यात्राएं कुल 10643 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और प्रदेश की 210 विधानसभाओं से गुजरेंगी। इन यात्राओं का 998 स्थानों पर स्वागत होगा, 678 रथ सभाएं और 211 बडी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी शामिल होगा। यह यात्राएं 21 सितम्बर को विभिन्न स्थानों पर समाप्त होंगी, जिसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती 25 सितम्बर के अवसर पर इन यात्राओं का समागम भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा। कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रदेश भर के 6523 बूथों से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करें, यह हमारा प्रयास है।

पांच स्थानों से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्राएं

  • पहली यात्रा विंध्य क्षेत्र के चित्रकूट से 3 सितम्बर को कामतानाथ का आशीर्वाद लेकर शुरू होगी, जिसका शुभारंभ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। यह यात्रा निवाड़ी से होते हुए भोपाल पहुंचेगी। जिसके संयोजक सांसद गणेश सिंह एवं सह संयोजक, प्रदेश शासन के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह हैं। यह यात्रा 12 जिलों के 48 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 44, रथ सभाएं 100 और स्वागत स्थान 311 रहेगी। यह यात्रा 19 दिन में 2343 कि.मी. का सफर तय करेगी। पांचों यात्राओं के लिए जिला, विधानसभा और नीचे तक एक संरचना तैयार की गई है। यह पांचों यात्राओं का दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर 25 सिंतबर को भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में समापन होगा, जिसमें 10 लाख कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।
  • दूसरी यात्रा महाकौशल के मंडला से 5 सितम्बर को प्रारंभ होगी जिसका शुभारंभ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। यह यात्रा जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी, जिसके संयोजक सांसद उदयप्रताप सिंह एवं सह संयोजक अभिलाष पाण्डे हैं। यह यात्रा 10 जिलों के 45 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 56, रथ सभाएं 335 और स्वागत स्थान 47 रहेगी। यह यात्रा 18 दिन में 2303 कि.मी. का सफर तय करेगी।
  • तीसरी यात्रा इंदौर संभाग के खंडवा से 4 सितंबर को धूनी वाले बाबा का आशीर्वाद लेकर प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे और इसके संयोजक सांसद शंकर लालवानी एवं सह संयोजक आईडीए के अध्यक्ष जयपाल चावड़ा हैं। यह यात्रा 10 जिलों के 42 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 30 और रथ सभाएं 95 रहेगी। यह यात्रा 21 दिन में 2000 कि.मी. का सफर तय करेगी।
  • चौथी यात्रा मालवा के नीमच से 4 सितम्बर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। जिसके संयोजक किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर एवं सह संयोजक तेज बहादुर हैं। यह यात्रा 12 जिलों के 44 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 65, रथ सभाएं 100 और स्वागत स्थान 375 रहेगी। यह यात्रा 17 दिन में 2000 कि.मी. का सफर तय करेगी।
  • पांचवीं यात्रा ग्वालियर-चंबल संभाग के श्योपुर से 6 सितम्बर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत एवं सह संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी हैं। यह यात्रा 11 जिलों के 42 विधानसभाओं से गुजरेगी, जिसमें मंच सभाएं 48, रथ सभाएं 65 और स्वागत स्थान 265 रहेगी। यह यात्रा 17 दिन में 1997 कि.मी. का सफर तय करेगी।

Comments

Add Comment

Most Popular