28.8 c Bhopal

राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) संस्था होगी पुनर्जीवित

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से सौजन्य भेंट कर उनके मंत्रालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भोपाल नगर में राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) सड़कों, पार्कों और भवनों के निर्माण, विकास और रख-रखाव के अलावा नजूल भूमि की सुरक्षा और विकास के कार्य करने वाली संस्था रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री से सीपीए को पुनर्जीवित करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय से आर्थिक और तकनीकी सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सीपीए के पुनर्जीवित होने से यह पुनः भोपाल शहर की विकास गतिविधियों में योगदान दे सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इस संबंध में हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

दतिया, मुरैना को रक्षा औद्योगिक गलियारे में जोड़ने का अनुरोध

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शुक्रवार को उनके निवास पर सौजन्य भेंट कर प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश के संबंध में विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह से अनुरोध किया कि उत्तर प्रदेश में बन रहे रक्षा औद्योगिक गलियारे में प्रदेश के दो सीमावर्ती जिले दतिया और मुरैना को भी शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि दोनों ही जिलों में इस क्षेत्र के निवेश की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री सिंह को जानकारी दी कि बेंगलुरु में आयोजित रोड शो के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश करने की मंशा जताई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के इस निवेश को स्वीकृत करने के अनुरोध को केंद्रीय मंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री की थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से उनके साउथ ब्लॉक स्थित कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने थल सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी को अंगवस्त्रम और ‘महाकाल मंदिर कॉफी-टेबल बुक' भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की कि मूल निवासी होने से जनरल द्विवेदी का प्रदेश से आत्मीय रिश्ता हैं। उल्लेखनीय है कि जनरल द्विवेदी के थलसेना प्रमुख बनने के बाद उनसे मुख्यमंत्री की यह पहली सौजन्य भेंट थी।

मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्री शाह और नड्डा से हुई सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से उनके निवास स्थलों में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में पिछले छह महीनों में संपन्न हुई विकास और जनकल्याण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों से दोनों केंद्रीय मंत्रियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रियों को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव पर केंद्रित पुस्तिका की प्रतियां प्रदान की।

उज्जैन—दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का अनुरोध

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उज्जैन और दिल्ली के बीच वंदे-भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि ओवरनाइट वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से महाकाल की नगरी उज्जैन आने वाले तीर्थ-यात्रियों को महाकाल दर्शन में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री वैष्णव से राज्य में खनिज और उर्वरक की ढुलाई सुगम बनाने के लिए रेलवे सिडिंग्स की शीघ्र स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
 

Comments

Add Comment

Most Popular