28.8 c Bhopal

सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा

भोपाल. मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर बड़ा तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के साढ़े 7 लाख से अधिक सरकारी अमले का 4 फीसदी डीए बढ़ा दिया है। ये फैसला जनवरी 2024 से लागू होगा। मौजूदा बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश के कर्मचारियों का डीए 46% से बढ़कर 50% हो गया है। इससे उनको हर महीने 620 रुपए से 7640 रुपए का फायदा होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ये घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय लिया है। दीपावली के मौके पर इसकी बधाई डबल हो जाती है। 1 नवंबर मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस भी है। आप सब अपनी लगन, मेहनत, सकारात्मक सोच के कारण पूरे देश के अधिकारियों-कर्मचारियों में विशेष पहचान रखते हैं। इस नाते सरकार का भी उत्तरदायित्व है कि आपके हितों का ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि महंगाई भत्ता वित्त विभाग के प्रतिपत्र 14 मार्च 2024 द्वारा स्वीकृत किया गया है। इसके आधार पर स्वीकृत महंगाई भत्ते की दर एक जुलाई 2023 से प्रभावशील की गई थी। एरियर राशि का भुगतान किस्तों में किया गया। अब सभी शासकीय सेवकों को 1 जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता 50% की दर से दिया जाएगा। अभी अक्टूबर चल रहा है लेकिन हम इसे 01 जनवरी से देंगे।

Comments

Add Comment

Most Popular