28.8 c Bhopal

कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक दंपति फिर भाजपा में

भोपाल. मध्य प्रदेश में इसी साल अंत में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दल-बदल का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को जहां सिंधिया समर्थक दो भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल हुए, वहीं पलटवार करते हुए शुक्रवार को भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। यह झटका मुख्य पक्षी दल कांग्रेस को विंध्य क्षेत्र में लगा है। विंध्य के अहम जिले रीवा में पूर्व विधायक रहे दंपति ने बीजेपी ज्वाइन कर ली। 

दरअसल, कांग्रेस नेता अभय मिश्रा ने पत्नी नीलम मिश्रा के साथ फिर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके पहले पूर्व विधायक दंपति को लेकर गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

गौरतलब है कि अभय मिश्रा और नीलम मिश्रा दोनों पति-पत्नी भाजपा से विधायक रह चुके हैं। दोनों पति-पत्नी रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा से विधायक रहे हैं।  हालांकि, 2018 के चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पूर्व विधायक अभय मिश्रा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

कांग्रेस ने अभय मिश्रा को रीवा से बीजेपी विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला के खिलाफ मैदान में उतारा था। हालांकि, वह कांग्रेस को यह सीट नहीं दिला सके। यहां से भाजपा के कद्दावर नेता राजेंद्र शुक्ला ने एक बार फिर जीत दर्ज की थी। 

दिलचस्प यह है कि सेमरिया विधानसभा सीट फिलहाल बीजेपी के कब्जे में है। वर्तमान में यहां से केपी त्रिपाठी विधायक हैं। विधायक त्रिपाठी का कार्यकाल विवादित रहा है, ऐसे में आगामी चुनाव में यहां बीजेपी के लिए नए समीकरण तलाशने की गुंजाइश बनती दिख रही है।

यही वजह है कि बीजेपी ने पूर्व विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रहे अभय मिश्रा को पार्टी में वापसी कराकर ना सिर्फ पार्टी की मजबूती का बेस तैयार किया है, साथ ही कांग्रेस को विंध्य में बड़ा झटका देने में सफल रही है। सूत्रों की माने तो इसमें सबसे बड़ी भूमिका शिवराज सरकार में संकटमोचक कहे जाने वाले गृह मंत्री  डॉ. नरोत्तम मिश्रा की रही है। 

Comments

Add Comment

Most Popular