28.8 c Bhopal

हमारे रहते मुस्लिमों को आरक्षण नहीं मिलेगा: शाह 

रांची. गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को झारखंड के पलामू, हजारीबाग और पोटका में चुनाव सभाएं कीं। उन्होंने कहा, कांग्रेस ओबीसी, आदिवासियों और दलितों से आरक्षण छीनकर मुस्लिमों को देने की योजना बना रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा कभी भी धर्म आधारित आरक्षण की अनुमति नहीं देगी। जब तक भाजपा की सरकार है, नरेन्द्र मोदी जी हैं, तब तक हम दलितों और पिछड़ों के आरक्षण को हाथ नहीं लगाने देंगे।

कांग्रेस ओबीसी कोटा के खिलाफ है। जब उलेमाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की तो उसने 10 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया। हमारा संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की परमिशन नहीं देता। मगर ये कांग्रेस और JMM वाले अपनी वोटबैंक के लिए मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं।

कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। मैं राहुल गांधी को चेतावनी देता हूं कि आपकी चौथी पीढ़ी भी अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती। शाह ने आरोप लगाया, कांग्रेस ने कश्मीर को आतंकवाद का केंद्र बना दिया। इसके नेता श्रीनगर के लाल चौक जाने से डरते थे, लेकिन अब मैं उनसे कहता हूं कि वे निडर होकर अपने पोते-पोतियों के साथ लाल चौक जाएं।

पलामू की रैली में शाह ने कहा, राहुल गांधी संविधान की 'फर्जी' प्रति दिखाकर उसका अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी ने संविधान की एक प्रति दिखाई। दो दिन पहले उनका पर्दाफाश हुआ था। उन्होंने जो संविधान दिखाया, उसकी एक प्रति किसी के पास थी। उस प्रति के कवर पर भारत का संविधान लिखा था, जिसमें कोई सामग्री नहीं थी। ऐसा न करें। संविधान का मजाक ना बनाएं। यह आस्था और विश्वास का सवाल है।

शाह ने हेमंत सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि घुसपैठ भाजपा का राजनीतिक एजेंडा है। मैं कहता हूं कि यह सीएम का बैंक है...। भ्रष्ट नेताओं को उल्टा लटका दिया जाएगा। आप 350 करोड़ रुपए लूटने वाले को सबक सिखा दो। हम आपको सुखद प्रदेश देंगे। ये सरकार (हेमंत) अपने वोट बैंक के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को बढ़ावा दे रही है। ये झारखंड के युवाओं की नौकरी खा जा रहे हैं। हमारी सरकार बना दो, हम सभी घुसपैठियों को खदेड़ देंगे। 


शाह ने कहा- हो समेत अन्य स्थानीय भाषाओं को पहले राज्य की अधिकृत सूची में शामिल करेंगे। इसके बाद संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा। सरकार सहारा का पैसा पाई-पाई वापस करेगी। झारखंड का ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। इस चुनाव में आपको तय करना है कि यहां पर आदिवासी और पिछड़ों का अपमान करने वाली सरकार चाहिए या आदिवासी और पिछड़ों का सम्मान करने वाली सरकार चाहिए।

कांग्रेस व जेएमएम वाले अगर पोटका, झारखंड में चुनाव प्रचार करने आएं तो पूछना कि 10 साल तक केंद्र में यूपीए की सरकार थी, आपने आदिवासी कल्याण के लिए कितना बजट दिया। आजादी के 75 साल तक, देश में कभी कोई आदिवासी बेटा या बेटी देश का राष्ट्रपति नहीं बना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक गरीब आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया और आदिवासियों का सम्मान किया।

Comments

Add Comment

Most Popular