28.8 c Bhopal

सागर में दलित की हत्या, कांग्रेस ने बोला हमला

सागर/भोपाल. मध्यप्रदेश के सागर के खुरई में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, आरोपी सरपंच पति समेत अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। दलित हत्याकांड को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। बीजेपी सरकार के मंत्रियों से आरोपियों के कथित कनेक्शन को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को घेरा है। 

दलित युवक की हत्या पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुबह ट्वीट करके लिखा, मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दलित युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा। सीएम शिवराज और पीएम मोदी के लिए लिखा, 'सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री जी मध्यप्रदेश में लगातार होते दलित व आदिवासी उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छिपाने की कोशिश करते हैं। पर, भाजपा ने मध्यप्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है।'

खड़गे ने आगे लिखा, भाजपा शासित मध्यप्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है। मोदी जी, इस बार मध्यप्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है, समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा। भाजपा की विदाई निश्चित है।'

कमलनाथ का ट्वीट, आरोपियों को बीजेपी का संरक्षण 

पूर्व सीएम एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ ने अपने ट्वीट पर लिखा है कि दलित युवक की हत्या और उसकी माता जी को निर्वस्त्र करने की घटना के मुख्य आरोपियों की तस्वीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ वायरल हो रही है। ऐसे पोस्टर भी सामने आए हैं, जिसमें आरोपी खुद को मंत्री प्रतिनिधि बता रहा है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि वह स्थिति स्पष्ट करें कि क्या दलितों पर अत्याचार करने वालों को उनका और उनके मंत्रियों का सीधा संरक्षण प्राप्त है?

दिग्विजय का ट्वीट, पीड़ित परिवार से मिलूंगा

दिग्विजय सिंह ने भी शनिवार को घटना पर ट्वीट किया, सागर में भाजपा का अनुसूचित जाति व अनुसूचित जन जाति के गरीब लोगों पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। संत रविदास जी महाराज का मंदिर बनाने से इन गरीबों का भला नहीं होगा। इन्हें अधिकार देना पड़ेगा। मैं स्वयं रक्षा बंधन पर इस परिवार से मिलने जाऊंगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

यादव बोले—एक आरोपी मंत्री का प्रतिनिधि

कांग्रेस नेता अरुण यादव ने ट्वीट कर लिखा, सीधी में भाजपा विधायक केदार शुक्ला के प्रतिनिधि प्रवेश ने आदिवासी युवक पर पेशाब किया था, अब खुरई में मंत्री भूपेंद्र सिंह के प्रतिनिधि ने परिजन के साथ मिलकर दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। अपराधियों को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है। हत्याकांड के आरोपी कोमल सिंह ठाकुर निवासी बरोदिया नौनगर को खुरई कृषि उपज मंडी में अपना प्रतिनिधि नियुक्त कराया था। दो साल पहले भूपेंद्र सिंह ने मंडी सचिव को पत्र लिखा था।'  

भूपेंद्र सिंह की सफाई, दो पक्षों में पुराना विवाद

विपक्ष के आरोप पर शिवराज सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा, कांग्रेस को इस पर राजनीति नहीं करना चाहिए। कांग्रेस दो समाज को बांटने का काम कर रही है। खुरई में इनकी हालत काफी खराब है। इसलिए षड़यंत्र कर रहे हैं। हम क्षेत्र के विधायक हैं। हमसे सभी लोग मिलते हैं। कांग्रेस जिस तरीके से आरोप लगा रही है, ऐसा नहीं है। दो पक्षों के पुराने विवाद को लेकर घटना हुई है। 

क्या है पूरा मामला

गत 24 अगस्त शाम तकरीबन 7 बजे, नितिन (18) पिता रघुवीर अहिरवार के साथ घर से सब्जी लेने निकला था। बताया जाता है कि इस दौरान सरपंच पति कोमल सिंह ने बेटों और साथियों के साथ घेरकर रॉड-लाठियों से नितिन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आई नितिन की मां और भाभी को भी आरोपियों ने पीटा। मां के कपड़े भी फाड़ दिए थे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें पहले तौलिया ओढ़ाई, उसके बाद साड़ी लाकर दी। नितिन को गंभीर हालत में खुरई अस्पताल ले जाया गया। यहां से सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज में शव का पीएम कराया गया। फिलहाल, गांव में पुलिस बल तैनात है। नितिन की घायल मां को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 

नितिन के भाई रोहित ने बताया कि सरपंच के बेटों- आजाद सिंह और विक्रम सिंह ने  उनकी बहन के साथ छेड़खानी की थी, इसकी शिकायत थाने में की गई थी। इसी बात काे लेकर आरोपियों ने उनके परिवार से रंजिश पाल ली थी। वे समझौते का दबाव भी बना रहे थे। उन्होंने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की थी। बाद में विवाद के बाद मारपीट तक की।

Comments

Add Comment

Most Popular