28.8 c Bhopal

फडणवीस तीसरी बार सीएम, मरीजों को 5 लाख की मदद 

मुंबई. महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के 13 दिन बाद नई सरकार बन गई है। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। शपथ के बाद वे पीएम मोदी के पास गए और अभिनंदन किया।

फडणवीस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया। वे राज्य के दूसरे नेता हैं जो सीएम के बाद डिप्टी सीएम बने।

शिंदे के बाद एनसीपी नेता अजित पवार ने डिप्टी सीएम की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी सीएम बने हैं। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं।

शपथ के आधे घंटे बाद फडणवीस, शिंदे और अजित मंत्रालय पहुंच गए। पहली कैबिनेट मीटिंग में देवेंद्र फडनवीस ने पुणे के मरीज चंद्रकांत शंकर कुरहाडे को इलाज के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष से 5 लाख रुपए की सहायता देने का फैसला लिया।

शपथ समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:31 बजे शुरू हुआ, जो करीब 30 मिनट तक चला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने तीनों नेताओं ने मराठी में शपथ ली। समारोह में सीएम मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी के अलावा नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू समेत एनडीए शासित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम शामिल हुए।

लाडली बहनों को 2100 रुपए देंगे

सीएम का चार्ज लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, हमारे रोल बदले हैं, हमारी दिशा नहीं बदली। सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार आपको देखने मिलेगी। समस्याएं आएंगी तो हम लोग मिलकर रास्ता निकालकर महाराष्ट्र को आगे बढ़ाएंगे। लाडली बहन योजना में अभी 1500 रुपए दे रहे हैं, इसे बढ़ाकर 2100 करेंगे। पहले हम आर्थिक सोर्स मजबूत करेंगे, फिर इसे बढ़ाएंगे।

7, 8 और 9 दिसंबर को महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र होगा। 9 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा मंत्रिमंडल तय हो चुका है। इसमें ज्यादा बदलाव नहीं होंगे। शीतकालीन सत्र से पहले सभी मंत्रियों की शपथ कराकर पोर्टफोलिया बांट दिए जाएंगे।

Comments

Add Comment

Most Popular