28.8 c Bhopal

राजस्थान: ग्रामीणों के सामने पत्नी को निर्वस्त्र घुमाया

प्रतापगढ़. मणिपुर के बाद अब राजस्थान में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सामने आया है। घटना प्रतापगढ़ जिले के धरियावद की है। पीड़िता के पति ने ही ग्रामीणों के सामने महिला को एक किमी तक दौड़ाया। घटना 31 अगस्त की बताई जाती है। हालांकि, शुक्रवार को वीडियो वायरल होने के बाद इसका खुलासा हुआ। उधर, धरियावद (प्रतापगढ़) गेस्ट हाउस में सीएम अशोक गहलोत ने पीड़िता से करीब 20 मिनट तक बातचीत की। पीड़िता के माता-पिता भी साथ थे। सीएम ने पीड़िता को सरकारी नौकरी और 10 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। इस घटना पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना की निंदा की है। जांच के लिए कमेटी गठित की है। आयोग ने राजस्थान के डीजीपी से मामले में फौरन एक्शन लेने को कहा और पांच दिन के अंदर इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा है।

एसपी अमित कुमार के मुताबिक, महिला की शादी डेढ़ साल पहले ही इस गांव के युवक के साथ हुई थी। महिला ने देर रात पुलिस में शिकायत की। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें 10 लोगों के नाम हैं। पुलिस ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को शुक्रवार रात ही यह खबर लग गई थी कि पुलिस गिरफ्तार करने आ रही है। इसके बाद इन्होंने जंगल की तरफ भागने की कोशिश की। इससे इनके पैरों में चोटें आईं। हालांकि, पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं।

उधर, सीएम गहलोत दोपहर 1.15 बजे धरियावद (प्रतापगढ़) में बने हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां सीएम ने पीड़िता से मुलाकात की। धरियावद गेस्ट हाउस में पीड़िता से मुलाकात के बाद सीएम ने कहा कि ये बहुत दुखद घटना है। मैंने रात को ही डीजीपी को, एडीजी क्राइम को मौके पर भेज दिया था। गांव में सूचना की सुविधा ना होने के बावजूद क्षेत्र के एमएलए, एसएचओ और एसपी ने गंभीरता से काम किया है। मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

बीजेपी आरोपियों की मदद कर रही : सीएम

बीजेपी के विरोध-प्रदर्शन और नेताओं के बयान पर सीएम गहलोत ने कहा कि बीजेपी इस घटना की मणिपुर की घटना से तुलना कर आरोपियों की मदद कर रही है। केस की गंभीरता को कम कर रहे हैं, जिन्होंने अपराध किया है उनके हौसले बुलंद कर रहे हैं कि ये सब होता रहता है। ये उनकी मंशा है। वहीं सीएम गहलोत जब पीड़िता से मिलने हेलीपैड से धरियावद गेस्ट हाउस जा रहे थे उसी दौरान रास्ते में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ कम को काले कपड़े हाथ में लेकर दिखाएं।

महिला चीखती रही, किसी ने मदद नहीं की

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शादी के छह महीने बाद महिला पड़ोस के गांव ऊपला कोटा के एक युवक के साथ चली गई थी। महिला साल भर बाद 30 अगस्त को जब युवक के साथ वापस लौटी, तो उसके ससुराल वाले उसे जबरन अपने गांव पहाड़ा ले आए। इसके बाद पति ने गांव वालों के सामने ही उसके कपड़े उतारे और निर्वस्त्र कर घुमाया। महिला गर्भवती है। जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें वह जोर-जोर से चीख रही है और छोड़ देने की गुहार लगा रही है। इस दौरान गांव के कई लोग सिर्फ देखते रहे और वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने पति को रोका नहीं। 

देश में पहली बार: एमपी में ये महिलाएं संभालेंगी टोल प्लाजा

Comments

Add Comment

Most Popular