28.8 c Bhopal

पीएम मुफ्त बिजली दें, भाजपा का प्रचार करूंगा

नई दिल्ली. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अगर प्रधानमंत्री मोदी एनडीए शासित 22 राज्यों में मुफ्त बिजली देने की घोषणा करते हैं, तो मैं भाजपा के लिए प्रचार करूंगा।

केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है, तो नवंबर में महाराष्ट्र और झारखंड के साथ दिल्ली में भी चुनाव करके दिखाए। हम चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। नहीं तो भाजपा मान ले कि वो हार गई, डर गई। केजरीवाल ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 'जनता की अदालत' कार्यक्रम में ये बातें कही। उन्होंने कहा, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भाजपा की डबल इंजन सरकारें खत्म हो रही हैं। झारखंड और महाराष्ट्र में भी यही होगा।

केजरीवाल ने कहा कि डबल इंजन सरकार का मतलब महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार है। दिल्ली में चुनाव आने वाले हैं। दिल्ली में आकर ये (भाजपा) कहेंगे कि डबल इंजन सरकार बना लो। आप तब पूछना कि 10 साल हरियाणा में डबल इंजन सरकार रही। उन्होंने ऐसा क्या किया है कि लोग उनके नेताओं को अपने गांवों में नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने कहा, यूपी में पिछले 7 साल से डबल इंजन की सरकार है। लोकसभा चुनाव में उनकी सीटें आधी हो गईं। मणिपुर में भी 7 साल से डबल इंजन की सरकार है। मणिपुर दो साल से जल रहा है।

दिल्ली को LG राज से मुक्त कराएंगे

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा गरीब विरोधी है। उन्होंने दिल्ली में बस मार्शलों, डेटा एंट्री ऑपरेटरों को हटा दिया। होम गार्डों का वेतन रोक दिया। दिल्ली में लोकतंत्र नहीं है, LG राज है। हम दिल्ली को LG राज से मुक्त कराएंगे और पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी  ने दिल्ली को 6 रेवड़ियां दीं- बिजली, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा, बुजुर्गों को तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य और शिक्षा। भाजपा सत्ता में आई तो सब छीन लेगी। केजरीवाल ने केंद्र पर जेल में इंसुलिन सप्लाई रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेरी इंसुलिन सप्लाई रोक दी गई। मेरी किडनी फेल हो सकती थी। मेरी मौत हो सकती थी।

भाजपा ने केजरीवाल से 6 सवाल पूछे

दूसरी तरफ भाजपा ने कहा है कि बेहतर होगा कि केजरीवाल AAP कार्यकर्ताओं को भाषण देने और 'जनता की अदालत' का नाटक करने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दें। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल से छह सवालों के जवाब मांगे हैं।

केजरीवाल ने 22 सितंबर को जंतर-मंतर पर पहली 'जनता की अदालत' जनसभा की थी। उन्होंने दिल्ली शराब नीति केस में 13 सितंबर को जमानत पर बाहर आने के बाद 17 सितंबर को CM पद से इस्तीफा दे दिया था। 21 सितंबर को आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गईं।

Comments

Add Comment

Most Popular