नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बयान से भड़के पाकिस्तान ने उन्हें आतंकवादी घोषित कर दिया है। हाल ही में, सऊदी अरब में एक कार्यक्रम में सलमान खान ने बलूचिस्तान को एक अलग देश बताया था, जिससे शाहबाज शरीफ सरकार बेहद नाराज हो गई थी। इसके बाद, शाहबाज शरीफ सरकार ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर उन्हें आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया है। खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने उनका नाम चौथी अनुसूची में शामिल कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!खबरों के मुताबिक, चौथी अनुसूची में शामिल होने का मतलब है कि उन पर कट्टरपंथी गतिविधियों के लिए नजर रखी जाएगी। अभी तक, सलमान खान या उनके किसी प्रतिनिधि की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सलमान खान ने क्या कहा?
सऊदी अरब में एक मंच को संबोधित करते हुए सलमान खान ने कहा, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफ़गानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं; सऊदी अरब में हर कोई कड़ी मेहनत कर रहा है।” इस बयान से पाकिस्तान भड़क गया।
दरअसल, बलूचिस्तान में लंबे समय से पाकिस्तान से आजादी का आंदोलन चल रहा है, जिसे पाकिस्तानी सेना अपने अत्याचारों से कुचलने की कोशिश करती है। सलमान खान के बयान से भी यही लग रहा था कि वह बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग बता रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान का नाराज होना लाजमी था।
पाकिस्तान जहां नाराज है, वहीं बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता खुश हैं। उन्होंने सलमान खान का शुक्रिया भी अदा किया है। हालांकि, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि सलमान खान ने यह बात यूं ही कही या जानबूझकर बलूचिस्तान का जिक्र किया।
गौरतलब है कि बलूचिस्तान में आजादी का आंदोलन लंबे समय से चल रहा है। यहां अक्सर हिंसा की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। बलूचिस्तान प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन आर्थिक रूप से यह क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ है। यहां चीनी परियोजनाओं का भी विरोध होता है। विद्रोही अक्सर पाकिस्तानी सेना या दूसरे इलाकों के लोगों को निशाना बनाते हैं। बलूचिस्तान पाकिस्तान के 46 प्रतिशत हिस्से में फैला है, लेकिन इसकी आबादी लगभग डेढ़ करोड़ ही है।