-नए सीएस बर्णवाल के पदभार संभालने के 24 घंटे बाद ही बड़ी प्रशासनिक सर्जरी
-सुदाम खाड़े होंगे मुख्यमंत्री के सचिव
-राघवेंद्र कुमार सिंह को वन एवं आनंद विभाग का जिम्मा
-संदीप यादव को जल संसाधन में भेजा
भोपाल। 21 IAS OFFICER TRANSFER: मध्य प्रदेश में प्रशासनिक मुखिया बदले जाने के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है। डॉ. मोहन यादव सरकार ने शुक्रवार देर रात करीब 12.16 बजे 21 आईएएस अफसरों की जिम्मेदारी बदल दी। इस बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में सबसे अहम 6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। वहीं नर्मदा घाटी विकास विभाग, एनवीडीए और जल संसाधन का जिम्मा संभाल रहे एसीएस एवं मप्र में सीनियर आईएएस अधिकारी डॉ.राजेश राजौरा को मंत्रालय से बाहर भेज दिया गया है। उन्हें प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया है।
खास बात यह है कि डॉ. राजौरा का मंत्रालय से बाहर जाना, उसी समय तय हो गया था, जब बुधवार को ही एसीएस अशोक बर्णवाल को राज्य का नया प्रशासनिक मुखिया का जिम्मा सौंपते हुए मुख्य सचिव बनाया गया था। प्रशासनिक मुखिया का दायित्व संभालने के 48 घंटे के भीतर बर्णवाल ने शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ लंबी चर्चा की। इसके बाद 21 आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही एक और बड़ी प्रशासनिक सर्जरी किए जाने की चर्चा है।
इस बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में मुख्यमंत्री के खास एवं सीएम आफिस में पदस्थ एसीएस नीरज मंडलोई पर मोहन सरकार ने एक बार फिर बड़ा भरोसा जताया है। उन्हें उद्योग और एमएसएमई विभाग का जिम्मा देकर 2027 में होने वाली जीआईएस की जिम्मेदारी अभी से दे दी है। हालांकि, उन्हें उर्जा विभाग से मुक्त कर दिया गया है। इस सर्जरी में प्रदेश के रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगौन, मंदसौर, आगरमालवा के कलेक्टर भी बदले गए हैं। इनकी जगह नए आईएएस अधिकारियों को मौका दिया गया है।
सीएम आफिस में भी बड़े बदलाव
इस सर्जरी में मुख्यमंत्री कार्यालय में कई स्तर पर और भी बदलाव किए है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को मुख्यमंत्री का सचिव बनाकर वापस बुला लिया है। वे पूर्व में जनसंपर्क आयुक्त रहते मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अफसरों में शामिल रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ-साथ अब मुख्यमंत्री कार्यालय में उपसचिव बनाया है, जबकि इंदौर में जिला पंचायत सीईओ रहे सिद्धार्थ जैन को मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाकर बुलाया है।
मनीष सिंह को ऊर्जा का जिम्मा
एसीएस कुटीर एवं ग्रामोद्योग केसी गुप्ता को राज्य का कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। पूर्व में उन्हें यह जिम्मेदारी अतिरिक्त रूप से दी थी। साथ ही उद्यानिकी की कमान भी दे दी है। जबकि प्रशासन अकादमी के महानिदेशक सचिन सिन्हा को पीएचई का एसीएस बनाया है। जबकि लंबे समय से उद्योग विभाग का जिम्मा संभाल रहे प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह को अब वन जैसा भारी भरकम विभाग दिया है। उनके पास आनंद विभाग का अतिरिक्त् जिम्मा भी रहेगा। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह (सीनियर) से पीएचई वापस लेकर उन्हें ऊर्जा जैसा बड़ा विभाग का अतिरिक्त् प्रभार दिया है। जबकि राजस्व विभाग के पीएस एवं अन्य जिम्मेदारी संभाल रहे ईं रमेश कुमार को नर्मदाघाटी विकास, एनवीडीए, नर्मदा बेसिन का जिम्मा सौंपा है। वहीं हाल ही में स्वास्थ्य से वन विभाग में भेजे गए संदीप यादव को जल संसाधन एवं प्रवासी भारतीय विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।
कटेसरिया को यूसीसी का तोहफा
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव अजय कटेसरिया को सरकार ने मप्र में तेजी से यूसीसी कानून लागू करने में शुरुआती प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने का इनाम दिया गया है। उन्हें रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। कटेसरिया यूसीसी का ड्राफ्ट तैयार करने वाली उच्च स्तरीय कमेटी के सदस्य सचिव थे, राज्य सरकार की ओर से यूसीसी बिल लाने में जो तेजी लाई गई थी, उसके पीछे कटेसरिया की बड़ी भूमिका रही थी। यह बिल हाल ही में विधानसभा के मानसून सत्र में पारित हो चुका है। पदोन्नति शुरू कराने में भी उन्होंने तेजी दिखाई। कटेसरिया इसके पहले भी कलेक्टर रहे हैं। हालांकि, कुछ समय से पदस्थापना के इंतजार में थे।




