भोपाल। ओबीसी महासभा मप्र के सदस्य 27 फीसदी आरक्षण लागू कराने और 13 फीसदी पदों को होल्ड फ्री करने की मांग को लेकर विधानसभा घेरने निकले हैं। पुलिस ने उन्हें रंगमहल चौराहे पर रोक लिया। प्रदर्शनकारी यहां लगे बैरिकेड्स पर चढ़े तो पुलिस ने वाटर कैनन चला दी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघर ने कहा कि सरकार जातियों को लडऩा चाहती है। ओबीसी को सरकार को 27 परसेंट आरक्षण देना चाहिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ओबीसी महासभा के जीतू लोधी, विश्वजीत रतौनिया, एड़वोकेट धर्मेन्द्र कुशवाह ने बताया कि हमारी सरकार से सीधी मांग है कि ओबीसी वर्ग के युवा मेहनत करके नौकरी का इंतजार करते हुए ओवरएज हो रहे हैं। सरकार को तत्काल मप्र में 13 फीसदी पदों पर लगे होल्ड को हटाकर 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण का लाभ देना चाहिए। घेराव करने जा रहे लोगों को पुलिस ने बस में बैठाया।
ओबीसी महासभा द्वारा आरक्षण में 13 प्रतिशत होल्ड समाप्त करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग सड़कों पर उतरे और मोहन सरकार होश में आओ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के आधार पर आयोजित की जाती हैं और मेरिट सूची भी उसी आधार पर तैयार होती है। इसके बावजूद नियुक्तियां केवल 14 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर दी जा रही हैं, जिससे ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि आरक्षण पर लागू 13 प्रतिशत होल्ड को तत्काल हटाया जाए।
ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि वे पिछले आठ वर्षों से इस मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान पांच बार मुख्यमंत्री का घेराव किया जा चुका है, जबकि सैकड़ों सभाएं, धरने और आंदोलन भी आयोजित किए गए हैं। इसके बावजूद सरकार ने अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे विधानसभा का घेराव करेंगे और आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देंगे।
आरक्षण में होल्ड OBC युवाओं के लिए बड़ा खतरा
ओबीसी महासभा कोर कमेटी सदस्य महेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि वो इस आंदोलन को तब तक जारी रखेंगे, जब तक कि उन्हें न्याय नहीं मिलता। ओबीसी में ये जो 13 फीसदी आरक्षण होल्ड किया गया है उसे जारी करना ही पड़ेगा। सरकार को इस आरक्षण से जो ओबीसी बच्चा जनरल से ज्यादा अंक ला रहा है उसकी भी नियुक्ति नहीं हो पा रही है। प्रदेश प्रभारी जीतू लोधी ने कहा, भले ही विधानसभा में ओबीसी वर्ग का अच्छा प्रतिनिधित्व है, लेकिन ओबीसी के सभी विधायक आरएसएस के दलाल हैं, वह आरएसएस से डरते हैं और अपने वर्ग के लिए काम नहीं करते हैं, इसलिए आज ओबीसी वर्ग सड़क पर है।
हमें OBC CM नहीं चाहिए
राष्ट्रीय महासचिव कोर कमेटी ओबीसी महासभा लोकेंद्र गुर्जर ने कहा कि हमें ओबीसी सीएम नहीं चाहिए। ओबीसी सीएम होने से क्या होता है। सीएम हमारे लिए कुछ कर नहीं रहे हैं। हमारे बच्चे जो अच्छी-अच्छी परीक्षाओं को पास कर चुके हैं, वह आज घर पर बैठे हैं। ऐसा सीएम का हम क्या करेंगे, जो ओबीसी के लिए कुछ कर ही नहीं रहा है।
हम 27 सहित 52 प्रतिशत आरक्षण देंगे
सपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि अगर मोहन यादव को आरक्षण देना होता तो उन्होंने बहुत पहले ही दे दिया होता। उन्होंने तो डंके की चोट पर कहा था कि वह आरक्षण देंगे, पर वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि वह बीजेपी के ओबीसी हैं। हमारी सरकार आएगी तो हम 27 सहित 52 प्रतिशत आरक्षण देंगे। राजलक्ष्मी कुशवाहा ओबीसी महासभा जिलाध्यक्ष छतरपुर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री हमारी मांगें नहीं मान सकते तो चूड़ी पहन लें। हम उनके लिए चूड़ी भेंट लाए हैं।
