भोपाल। मप्र के निवर्तमान मुख्य सचिव (सीएस) अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (एसीसी) ने बुधवार शाम इसका आदेश जारी किया। इसके अनुसार, 1989 बैच के मप्र कैडर के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन नीति आयोग में पदभार ग्रहण करने की तारीख से 2 वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। इधर, मोहन सरकार ने देर रात एसीएस अशोक बर्णवाल को फिलहाल कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को मप्र का मुख्य सचिव बनाया गया था। 2025 में रिटायरमेंट के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो रहा है। मप्र सरकार को 1 अक्टूबर से नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करनी थी, लेकिन अब चयन प्रक्रिया जुलाई में ही पूरी किए जाने की संभावना है।
वर्तमान में मप्र कैडर के आईएएस अफसरों में मुख्य सचिव अनुराग जैन के बाद डॉ. राजेश राजौरा सबसे सीनियर हैं। इस लिहाज से सीएस पद पर उनकी दावेदारी सबसे मजबूत है। केंद्र में पदस्थ मनोज गोविल, पंकज अग्रवाल भी इस लिस्ट में शामिल हैं। एसीएस के अधिकारी मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, मुख्य सचिव कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय केंद्र सरकार ही करेगी।
