—भोपाल के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती
—नेता जी एक ही दिन में तीन बार जा चुके अस्पताल
—कई मरीजों और उनके परिजनों को नेताजी के भारी—भरकम मूवमेंट के कारण झेलनी पड़ी परेशानी
भोपाल। मध्य प्रदेश के एक कदृावर और दिल्ली तक पहुंच रखने वाले नेता की मुंहबोली बहू ने जहर खा लिया। हालत इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें राजधानी के एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल वह खतरे से बाहर नहीं हैं। बहू की चिंता नेताजी को परेशान कर रही है। इसी चिंता में नेताजी ने गुरुवार 23 अप्रैल को सुबह से लेकर देर रात तक तीन बार उक्त अस्पताल की टोह ली और पूरे प्रबंधन को हिला डाला।
इसका असर अस्पताल प्रबंधन पर जो कुछ पड़ा हो, लेकिन उस अस्पताल में भर्ती कई मरीज और उनके परिजनों को परेशान होना पड़ा। ऐसा इसलिए क्योंकि नेता जी को भारी भरकम सुरक्षा मिली हुई है। इस नाते नेताजी के पहुंचने के पहले ही सुरक्षा कर्मी अस्पताल पहुंच जाते और आने—जाने के सार्वजनिक रास्तों पर सुरक्षा की दृष्टि से अघोषित कब्जा कर लेते, जिसके कारण आम मरीजों और उनके परिजनों को घंटों परेशान होना पड़ा।
बताते हैं कि नेताजी की यह सगी बहू नहीं है, बल्कि सगे भाई के बेटे की पत्नी है, जिसने पारिवारिक कारणों के चलते जहर खा लिया। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस को कोई भी जानकारी नहीं है।
