नई दिल्ली/भोपाल। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद शुरू हुआ ईंधनों की कीमतों में वृद्धि का दौर थम नहीं रहा है। सोमवार को पेट्रोलियम कंपनियों ने चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए। 25 मई को पेट्रोल 2.61 प्रति लीटर और डीजल 2.71 प्रति लीटर महंगा किया गया। मप्र में रेट 3 रुपए तक बढ़े हैं। नए रेट के बाद मप्र में डीजल 100 रुपए के पार पहुंच गया, जबकि पेट्रोल 116 रुपए हो गया है। 11 दिन में 8 रुपए तक कीमतें बढ़ चुकी हैं। इससे महंगाई को और बल मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नए रेट के मुताबिक भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन में तेल सबसे महंगा है। वहां डीजल 100.11 रुपए और पेट्रोल 115.03 रुपए में मिलेगा। इंदौर में पेट्रोल 114.54 रुपए और डीजल 99.57 रुपए में मिलेगा। जबलपुर और ग्वालियर में भी कीमतें बढ़ी हैं। प्रदेश में मंदसौर और छतरपुर में पेट्रोल 115.99 रुपए और डीजल 100.99 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इस महीने पहली बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी। 25 मई की बढ़ोतरी के बाद यह चौथी बढ़ोतरी है। चारों बार में पेट्रोल-डीजल करीब 8 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है।
कब-कब बढ़े रेट?
15 मई 2026 — 3-3 प्रति लीटर
19 मई 2026 — 90 पैसे प्रति लीटर
23 मई 2026 — 87-91 पैसे प्रति लीटर
25 मई 2026- 3-3 रुपए का इजाफा
डीजल महंगा होने से और बढ़ेगी महंगाई
मालभाड़ा बढ़ेगा: ट्रक और टेम्पो का किराया बढऩे से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो जाएंगे। मप्र में माल भाड़ा अगले दो-तीन दिन में बढ़ सकता है। ऐसा हुआ तो रोजमर्रा की चीजें भी महंगी होंगी। आम जनता पर महंगाई का सीधा असर पड़ेगा।
खेती की लागत: ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने में किसानों का खर्च बढ़ेगा, जिससे अनाज की लागत भी बढ़ेगी।
बस-ऑटो का किराया: सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा हो सकता है।
कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे तर्क
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान-अमेरिका जंग से पहले क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। क्रूड की कीमतें बढऩे से तेल कंपनियां दबाव में थीं, इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रही तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
