भोपाल। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को अवैध खनन मामले में कलेक्टरों की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर पुलिस और प्रशासन का आखिर खौफ क्यों नहीं है? ऐसे कैसे कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर या बाइक चढ़ा देने की हिम्मत कर सकता है। कलेक्टर-एसपी की जिम्मेदारी है कि ऐसा करने वाले ड्राइवरों के मालिकों पर सख्त एक्शन लें, ताकि ऐसी घटनाएं फिर न हों और सुशासन का संदेश जाए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सीएस जैन की यह नाराजगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडों पर किए जा रहे एक्शन की समीक्षा के दौरान सामने आई है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि कानून व्यवस्था पर खास ध्यान देने की जरूरत है। अगले तीन साल में प्रदेश को नारकोटिक्स और ड्रग्स से मुक्त करने का काम करना है, इसलिए अधिकारी कैंपेन चलाकर इसके खिलाफ कार्रवाई करें। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, नगर निगम आयुक्त और सीईओ जिला पंचायत के साथ वर्चुअली जुड़े थे।
मैहर और सिंगरौली सबसे प्रदूषित, जांच करें कलेक्टर
सीएस जैन ने कहा कि अभी गर्मी का मौसम है और सबसे अधिक प्रदूषण मैहर व सिंगरौली जिले में है। जब गर्मी में यह स्थिति है तो ठंड में तो और भी स्थिति बिगड़ेगी। मुख्य सचिव ने इन जिलों के कलेक्टरों से कहा-अपने क्षेत्र की फैक्ट्रियों का निरीक्षण करें और देखें कि प्रदूषण रोकने के लिए क्या काम किए गए हैं या नहीं। अनावश्यक उपकरण कारखाने में नहीं लगाए गए हों तो कार्रवाई करें।
जबलपुर-नरसिंहपुर को नरवाई जलाने पर फटकार
बैठक के दौरान नरवाई जलाने की घटनाओं को लेकर सीएस जैन ने जबलपुर, नरसिंहपुर कलेक्टर को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात नहीं है, इसमें कमी आने के बजाय ऐसे मामले बढ़े हैं। सीएस ने कहा कि किसानों को हार्वेस्टर के बजाय सीडर से कटाई कराने के लिए प्रोत्साहित करें और जागरुकता के कार्य को भी बढ़ावा दें ताकि इसमें सुधार आए।
104 हैंडपम्प निजी कब्जे में होने पर सीएस नाराज
बैठक में पेयजल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में अलग-अलग जिलों में 104 हैंडपंप निजी लोगों के कब्जे में हैं। सीएस ने इस बात पर नाराजगी जताई कि ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई सरकारी हैंडपम्प को ही कब्जा कर ले। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना चाहिए और पानी सभी को मिलना चाहिए। संबंधित कलेक्टर ऐसे मामले में जल्द कार्रवाई कर जानकारी देंगे। शहरों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी सीएस जैन ने कलेक्टरों को दिए हैं।
एनपीके के लिए भी दें किसानों को टोकन
खरीफ सीजन के लिए खाद वितरण की समीक्षा करते हुए सीएस जैन ने कहा कि खाद का पर्याप्त भंडारण है। किसानों को ई विकास पोर्टल के जरिये पंजीयन कर खाद देने का काम किया जाए। साथ ही खाद लिए जो टोकन दिए जाते हैं उसमें सिर्फ डीएपी के लिए ही टोकन न दें बल्कि एनपीके के लिए भी टोकन दें ताकि भीड़ की स्थिति न बने। उन्होंने दुग्ध उत्पादन के लिए क्षीर धारा कार्यक्रम और नस्ल सुधार के कार्यक्रम भी ग्रामीण इलाकों में तेजी से करने के लिए कहा।
सीएस ने दिए ये भी निर्देश
किसी भी जिले की प्रगति जिले में होने वाले बैंक फाइनेंस से पता चलती है। इसलिए कलेक्टर इसके लिए तेजी से काम कराएं और जिले के विकास को बढ़ावा दें। बारिश का मौसम आने वाला है, इसलिए पुल पुलिया की मरम्मत और नवीनीकरण का काम जिलों में पूरा करा लिया जाए। पुल पुलिया पर संकेतक लगाएं ताकि लोगों को जानकारी मिल सके। लोगों की शिकायतों का निराकरण समय सीमा में करें और किसी को भी बार-बार शिकायत करने का मौका न दें। समस्या निराकरण के लिए तेजी से निर्णय लें।
