भोपाल। राज्य सरकार ने मंगलवार ( 13 अक्टूबर) को आधी रात 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। साथ ही मंत्रालय स्तर पर विभागीय दायित्वों में फेरबदल के साथ 11 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। इसके अलावा कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुखवीर सिंह को बेहतर प्रदर्शन का इनाम
सुखवीर सिंह (1997 बैच) को प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री तथा प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें बेहतर प्रदर्शन और विभागीय पकड़ का इनाम मिला है। जॉन किंग्सली ए.आर. (2004 बैच) को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त राजेश कुमार ओगरे की नई पदस्थापना के साथ मऊगंज जिले में प्रशासनिक नेतृत्व बदलेगा। वहीं कृषि विपणन बोर्ड, मंडी प्रशासन, कर्मचारी चयन मंडल और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
बालाघाट, मऊगंज और सिंगरौली सहित इन जिलों के कलेक्टर बदले
इस प्रशासनिक फेरबदल में मऊगंज, सिंगरौली, जबलपुर, नर्मदापुरम, बालाघाट, पन्ना, भिण्ड, रायसेन, बुरहानपुर, शाजापुर और हरदा सहित कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, राजेश कुमार ओगरे (2012 बैच) को कलेक्टर, मऊगंज नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले वाणिज्यिक कर विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थ थे। वहीं मऊगंज के कलेक्टर रहे संजय कुमार जैन (2015 बैच) को उप सचिव, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंकित अस्थाना (2014 बैच) को कलेक्टर, सिंगरौली बनाया गया है। वे इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। सिंगरौली के कलेक्टर रहे गौरव बैनल (2016 बैच) को उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग तथा संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है।
जबलपुर, नर्मदापुरम और बालाघाट में नई पदस्थापना
अरुण कुमार विश्वकर्मा (2014 बैच) को रायसेन कलेक्टर से स्थानांतरित कर जबलपुर का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं जबलपुर के कलेक्टर रहे राघवेन्द्र सिंह (2013 बैच) को प्रबंध संचालक, कृषि विपणन बोर्ड-सह-आयुक्त, मंडी, मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नर्मदापुरम में आशीष वशिष्ठ (2014 बैच) को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम में प्रबंध संचालक तथा समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। नर्मदापुरम के कलेक्टर रहे सोमेश मिश्रा (2013 बैच) को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
आदित्य सिंह (2014 बैच) को बालाघाट से स्थानांतरित कर हरदा का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि बालाघाट के कलेक्टर रहे कुमार सत्यम (2017 बैच) को हरदा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। हरदा के कलेक्टर रहे सिद्धार्थ जैन (2016 बैच) को वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
पन्ना, भिण्ड, रायसेन और अन्य जिलों में भी बदलाव
हर्ष सिंह (2015 बैच) को बुरहानपुर कलेक्टर से स्थानांतरित कर पन्ना का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं पन्ना की कलेक्टर रहीं उषा परमार (2011 बैच) को अपर सचिव, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
पवन कुमार जैन (2013 बैच) को भिण्ड का कलेक्टर बनाया गया है। भिण्ड के कलेक्टर रहे किरोड़ी लाल मीना (2016 बैच) को वित्त विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। रोहित सिसोनिया (2017 बैच) को रायसेन का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं रायसेन के कलेक्टर रहे अरुण कुमार विश्वकर्मा को जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विवेक कुमार (2017 बैच) को बुरहानपुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत थे।
ऋजु बाफना (2014 बैच) को शाजापुर कलेक्टर से स्थानांतरित कर उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त (राजस्व) बनाया गया है। वहीं डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े (2017 बैच) को इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से हटाकर शाजापुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
मंत्रालय स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव
वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। रश्मि अरुण शमी (1994 बैच) को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।





