–निजी अस्पताल में भर्ती
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित प्रिज्म सीमेंट लिमिटेड, मनकहरी में एक बार फिर सड़क हादसे का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक का पहिया युवक के पैर पर चढ़ गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से सतना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान ग्राम बदरखा निवासी मणिराज सिंह उर्फ कमलेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान प्रिज्म सीमेंट माइंस परिसर में ट्रक की चपेट में आने से हादसा हो गया। हादसे में युवक के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ने से गंभीर चोट आई है। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हादसे में शामिल ट्रक का नंबर UP 21 FT 9994 बताया गया है
प्रिज्म सीमेंट में पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे
प्रिज्म सीमेंट माइंस और फैक्ट्री में हादसों का इतिहास भी चिंता बढ़ाने वाला है। इससे पहले भी यहां काम के दौरान कर्मचारियों की मौत और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
- 11 जून 2026: प्रिज्म सीमेंट प्लांट में एसी रिपेयरिंग के दौरान हादसे में एक कर्मचारी विक्रम सिंह की मौत हो गई थी, जबकि दादूलाल साकेत गंभीर रूप से घायल हुए थे।
- 28 जनवरी 2022: क्रशर प्लांट नंबर-1 में काम करते समय मजदूर दिनेश पटेल क्रशर के पट्टे में फंस गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
- मार्च 2021: साइलो की सफाई के दौरान पाइप फटने और मलबा गिरने से हादसे की रिपोर्ट सामने आई थी।
इन घटनाओं के बाद एक बार फिर प्रिज्म सीमेंट परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बीच यह सवाल महत्वपूर्ण है कि माइंस और फैक्ट्री परिसर में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान बाइक सवारों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।
क्या भारी वाहनों के लिए अलग रास्ते निर्धारित हैं? क्या स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक मॉनिटरिंग की व्यवस्था प्रभावी है? इन सवालों पर कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि प्रिज्म सीमेंट परिसर में बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं?
प्रिज्म सीमेंट में बड़ा हादसा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
