-ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह कार्यक्रम में सीएम का ऐलान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि शहडोल में जल्द ही नए इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने अगले महीने 4 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई के भूमिपूजन की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 8.64 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण और 349.07 करोड़ रुपये के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
डॉ. यादव ने शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व का नया प्रवेश द्वार तैयार करने तथा हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम भेजने की घोषणा की। उन्होंने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क, ब्यौहारी विधानसभा में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर सड़क और हनुमान मंदिर तक 13 करोड़ रुपये की सड़क बनाने की भी घोषणा की। मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और मात्र 25 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में उनकी जयंती 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है और भविष्य में 2 लाख नए पदों पर नौकरियां दी जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा फिर शुरू होगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और विधायक शरद कोल सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
