नई दिल्ली/भोपाल। बिहार के बांकीपुर और मप्र के दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को मिली हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक की। करीब 45 मिनट बैठक चली। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मप्र की दतिया विधानसभा सीट पर बीजेपी की हार को लेकर भी मंथन होने की बात सामने आई है।
दरअसल, हालिया उपचुनाव के नतीजों ने बीजेपी के लिए चिंता बढ़ा दी है। बिहार की बांकीपुर सीट पर जनसुराज के प्रशांत किशोर ने बीजेपी के करीब तीन दशक पुराने गढ़ में जीत दर्ज की, जबकि मप्र की दतिया सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। इन नतीजों के बाद पार्टी के भीतर समीक्षा का दौर शुरू हो गया है।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने लहराया जन सुराज का झंडा
बांकीपुर में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह सीट 1995 से बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही थी। हाल में यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के खाली करने के बाद उपचुनाव में गई थी। ऐसे में इस हार को बिहार में बीजेपी और एनडीए, दोनों के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
आगे की रणनीति पर मंथन
उधर, दतिया में हार के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इन लगातार बैठकों ने यह संकेत दिया है कि पार्टी दोनों राज्यों के नतीजों को गंभीरता से देख रही है। बांकीपुर और दतिया, दोनों जगह मिली हार ने बीजेपी के भीतर आगे की रणनीति पर मंथन की जरूरत बढ़ा दी है। बांकीपुर जैसे पुराने गढ़ में हार, प्रशांत किशोर की जीत, और उसके बाद नीतीश कुमार व शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकातें, पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक तौर पर अहम बना रही हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी इन हारों की समीक्षा कैसे करती है।
इधर, MP में BJP की दतिया जिला कार्यकारिणी, मंडल-मोर्चा भंंग
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए दतिया जिले का पूरा संगठन भंग कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के बाद जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित पूरी जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। साथ ही मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की सभी इकाइयों को भी भंग कर दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की अनुशंसाओं के आधार पर की गई है। पार्टी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दतिया में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा। यह कार्रवाई केवल जिला कार्यकारिणी तक सीमित नहीं रही। आदेश के अनुसार जिला पदाधिकारियों, जिला कार्यसमिति, सभी मंडल समितियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों, प्रकल्पों और विभागों की इकाइयों को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। पार्टी अब नए सिरे से संगठन खड़ा करने की तैयारी में जुट गई है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को 6,016 वोटों से मिली हार के बाद पार्टी ने दतिया की जिला कार्यकारिणी भंग कर दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल स्थित आवास पर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, चुनाव प्रभारी, मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद कार्यकारिणी को भंग करने का फैसला किया गया। बैठक में हार के कारणों, संगठन की भूमिका, भीतरघात की शिकायतों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ नेताओं ने की समीक्षा
बैठक में उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राकेश शुक्ला समेत करीब दो दर्जन नेता मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की आंतरिक रिपोर्ट में शहरी दतिया के कुछ पार्षदों पर भीतरघात के आरोप सामने आए हैं। भाजपा को शहर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन यहां कांग्रेस को बढ़त मिली, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा ने बढ़त बनाई। रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई पर निर्णय लिया गया।
यशोधरा और उमिता ने भी उठाए थे सवाल
हार के बाद पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने एक्स पर लिखा, आत्ममंथन का समय और दतिया व बांकीपुर उपचुनाव का उल्लेख किया। वहीं टीकमगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी यह कहने लगें कि हमारी पहुंच ऊपर तक है, तब परिणाम विपरीत ही आते हैं। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने टिकट नहीं मिलने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था। हालांकि, पार्टी के भीतर यह आकलन किया जा रहा है कि प्रत्याशी बदलने के बाद संगठन का पूरा समर्थन मैदान में नहीं उतर पाया।
प्रमुख बिंदु
- दतिया और बांकीपुर उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने समीक्षा शुरू की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवराज सिंह चौहान से करीब 45 मिनट तक बैठक की।
- दतिया में भाजपा की पूरी जिला कार्यकारिणी, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठ भंग।
- भीतरघात और संगठनात्मक कमजोरियों पर वरिष्ठ नेताओं ने समीक्षा की।
- बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत और दतिया में हार के बाद आगे की रणनीति पर मंथन तेज।
