नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने दतिया विधानसभा उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई, नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार अब दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। मतदान सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से कराया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बीजेपी ही जीतेगी चुनाव: कैलाश
उधर, मोहन सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा-दतिया उपचुनाव में निश्चित रूप से भाजपा ही जीतेगी।
कांग्रेस पर भरोसा जताएगी जनता : नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष उमंघ सिंघार ने कहा-दतिया की जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती को बहुमत देकर विधायक चुना था, लेकिन भाजपा और चुनाव आयोग के षड्यंत्र के कारण उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। अब भाजपा जल्दबाजी में उपचुनाव कराकर इस सीट पर कब्जा करना चाहती है। हमें पूरा विश्वास है कि दतिया की जनता एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर अपना भरोसा जताएगी।
कांग्रेस विधायक भारती की खत्म हुई थी सदस्यता
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती को दो वर्ष से अधिक की सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता स्वत: समाप्त हो गई। इसके बाद मप्र विधानसभा सचिवालय ने सीट खाली घोषित कर दी। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के लिली थॉमस बनाम भारत संघ फैसले, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8 और संविधान के अनुच्छेद 191(1)(ई) के तहत की गई।
