–संपत्ति और कमाई के आंकड़े चौंकाने वाले
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भोपाल। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को मप्र से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। भोपाल स्थित विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के साथ दाखिल चुनावी हलफनामे में पुरी ने अपनी और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्ति तथा वित्तीय निवेश का विवरण दिया है। हलफनामे में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, उनकी पत्नी की संपत्ति और सालाना कमाई दोनों ही चर्चा का विषय बन गई हैं।
पत्नी की सालाना आय 1.69 करोड़
हरदीप सिंह पुरी की ओर से दाखिल हलफनामे और आयकर रिटर्न में दर्ज विवरण के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में उनकी पत्नी की कुल सालाना आय 1 करोड़ 69 लाख 77 हजार 960 रुपये रही। वहीं, इसी अवधि में हरदीप सिंह पुरी की कुल आय 75 लाख 57 हजार 130 रुपए दर्ज की गई। इस तरह पिछले वित्त वर्ष में उनकी पत्नी की आय पुरी की आय से दोगुने से भी अधिक रही।
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पत्नी की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में उनकी आय 15 लाख 39 हजार रुपए थी, जो 2025-26 में बढ़कर करीब 1.70 करोड़ रुपए हो गई। यानी पांच साल में उनकी वार्षिक आय लगभग 11 गुना हो गई। वहीं, हरदीप सिंह पुरी की सालाना आय 2021-22 में 63 लाख 26 हजार रुपए थी, जो 2025-26 में बढ़कर 75 लाख 57 हजार रुपए हो गई।
पुरी के पास 26 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति
हलफनामे के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के पास लगभग 6 करोड़ 54 लाख 74 हजार रुपए की चल संपत्ति है। इसके अलावा दिल्ली में उनके नाम करीब 20 करोड़ रुपए का आवासीय मकान बताया गया है। इस प्रकार उनकी घोषित चल और अचल संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 26.55 करोड़ रुपए है। उनकी चल संपत्ति में बैंक जमा, निवेश और अन्य वित्तीय संपत्तियां शामिल हैं। पुरी के नाम टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस हाइब्रिड कार भी दर्ज है, जिसे जुलाई 2023 में करीब 31.89 लाख रुपये में खरीदा गया था।
पत्नी के पास 10.66 करोड़ की चल संपत्ति
हरदीप सिंह पुरी की पत्नी की संपत्ति का विवरण भी खासा दिलचस्प है। हलफनामे के अनुसार, उनके पास 10 करोड़ 66 लाख 9 हजार रुपये से अधिक की चल संपत्ति है।
- ग्रेटर नोएडा में करीब 9 करोड़ रुपये का आवासीय मकान।
- स्विट्जरलैंड के टैनाय में 311 वर्गमीटर का अपार्टमेंट।
- अमेरिका के बैंक खातों में 2 लाख 90 हजार 658 डॉलर।
- करीब 750 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये बताई गई है।
- स्विट्जरलैंड स्थित अपार्टमेंट की मौजूदा कीमत 30 लाख स्विस फ्रैंक बताई गई है। इसे मार्च 2006 में 16 लाख स्विस फ्रैंक में खरीदा गया था।
- ग्रेटर नोएडा स्थित मकान 750 वर्गमीटर क्षेत्रफल में है। इसे अगस्त 2009 में 19.52 लाख रुपए में खरीदा गया था, जबकि हलफनामे में इसका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 9 करोड़ रुपए बताया गया है।
कहां से होती है पति-पत्नी की कमाई?
हलफनामे में दोनों की आय के स्रोतों का भी उल्लेख है। हरदीप सिंह पुरी की आय के प्रमुख स्रोतों में केंद्रीय मंत्री के रूप में वेतन, सरकारी पेंशन, दिल्ली स्थित संपत्ति से मिलने वाला किराया, बैंक जमा पर ब्याज और पुस्तकों से मिलने वाली रॉयल्टी शामिल हैं। वहीं, उनकी पत्नी को भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से पेंशन, जिनेवा स्थित संपत्ति से किराया, बैंक जमा पर ब्याज, पुस्तकों की रॉयल्टी और अपोलो टायर्स में स्वतंत्र निदेशक के रूप में मिलने वाली फीस से आय होती है। दोनों भारतीय विदेश सेवा (IFS) के सेवानिवृत्त अधिकारी रहे हैं।
12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को हरदीप सिंह पुरी को इस सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। राज्यसभा उपचुनाव के कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को मतदान और मतगणना होगी। मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं, लेकिन कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा की सदस्यता समाप्त होने के बाद प्रभावी सदस्य संख्या 229 रह गई है।
नामांकन के साथ राजनीतिक विरोध भी
पुरी के नामांकन के दौरान भोपाल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कांग्रेस ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया और नामांकन से पहले कई स्थानों पर प्रदर्शन किए। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवा कांग्रेस के कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया। कांग्रेस नेताओं ने पुरी की उम्मीदवारी और उनसे जुड़े कुछ सार्वजनिक दस्तावेजों को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुरी पहले विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज कर चुके हैं। कुल मिलाकर पुरी के राज्यसभा नामांकन के साथ उनका चुनावी हलफनामा भी चर्चा में आ गया है। खासतौर पर पत्नी की करीब 1.70 करोड़ रुपए की सालाना आय, करोड़ों की चल-अचल संपत्ति और विदेश में मौजूद संपत्ति ने लोगों का ध्यान खींचा है।
