-मैहर से खाते में 1750 रुपए ट्रांसफर करेंगे
भोपाल। Ladli Behna Yojna: मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत इस बार महिलाओं को नियमित 1500 रुपए की किस्त के साथ 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। यानी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1750 रुपए ट्रांसफर होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख 35 हजार महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। सरकार की ओर से इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
2148 करोड़ रुपए होंगे ट्रांसफर
रक्षाबंधन के अवसर पर होने वाले इस भुगतान के तहत सरकार कुल 2148 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेगी। नियमित किस्त के साथ अतिरिक्त 250 रुपए दिए जाने से सरकार पर करीब 313 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं के अलावा उज्ज्वला योजना का लाभ लेने वाली पात्र महिलाओं को भी रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
जुलाई में जारी हुई थी 38वीं किस्त
लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने नियमित आर्थिक सहायता दी जाती है। जुलाई में मुख्यमंत्री ने भिंड जिले के लहार से योजना की 38वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे। अब रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त राशि जोड़कर कुल 2148 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा।सरकार ने इससे पहले लाड़ली बहना योजना को अगले पांच साल तक जारी रखने की मंजूरी भी दी है। इससे प्रदेश की पात्र महिलाओं को आने वाले वर्षों में भी योजना का लाभ मिलता रहेगा।
